home page

अवैध निर्माण पर कार्रवाई की तैयारी, यूपी से 24 जेसीबी मशीनों का ऑर्डर -सांसद राजू बिष्ट

 | 
अवैध निर्माण पर कार्रवाई की तैयारी, यूपी से 24 जेसीबी मशीनों का ऑर्डर -सांसद राजू बिष्ट


सिलीगुड़ी, 14 मई (हि. स.)। अवैध निर्माण और मादक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश (यूपी) से 24 जेसीबी मशीनों का ऑर्डर दिया गया है, जिनके आने पर शहर में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई तेज कर दी जाएगी।

एसडीओ कार्यालय में गुरुवार को हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी कि वे खुद ही अपने निर्माण हटा लें, अन्यथा प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

इस बैठक में पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरिशंकर पनिक्कर, जिला एसपी और सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के डीसीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर को मादक पदार्थों से मुक्त करने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद बिष्ट ने कहा कि शहर में मादक तस्करी करने वालों की सूची उनके पास है और इस पर पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, छोटे व्यापारियों से वसूले जा रहे कथित ‘गुंडा टैक्स’, अवैध टोल प्लाजा, अवैध शराब दुकानों और गैरकानूनी पब-बार के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

बिष्ट ने स्पष्ट किया कि यह परिवर्तन की सरकार है और इसमें किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन अब अवैध निर्माणों की पहचान कर रहा है और आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार