भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में सांसद राजू बिष्ट का प्रचार
सिलीगुड़ी, 03 अप्रैल (हि. स.)। फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू के समर्थन में बिजलिमनी चाय बागान में दार्जीलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने शुक्रवार को चाय श्रमिकों के बीच जाकर चुनाव प्रचार किया। उन्होंने श्रमिकों के पास पहुंचकर हाथ जोड़कर वोट की अपील की। इस दौरान भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू भी उनके साथ थे।
श्रमिकों से बात करते हुए राजू बिष्ट ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो पश्चिम बंगाल देश के विकास की राह पर आगे बढ़ेगा, लेकिन तृणमूल कांग्रेस की सरकार रहने पर राज्य की स्थिति बिगड़ सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि असम में चाय श्रमिकों को कई सुविधाएं मिलती है, जबकि पश्चिम बंगाल में उन्हें पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनती है, तो चाय श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाकर 350 रुपये की जाएगी और उन्हें जमीन का अधिकार भी मिलेगा। सांसद ने इस चुनाव को सिर्फ पानी, सड़क और नाले का मुद्दा नहीं, बल्कि “बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई” बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

