home page

बहनों पर बुरी नजर डालने वालों को भाजपा सांसद की चेतावनी, ‘शाम को जमा, सुबह को खर्च’,

 | 

पुरुलिया, 11 नवंबर (हि.स.)।

भाईफोंटा के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल में बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी भाइयों को संकल्प लेने की जरूरत है। बुधवार को भ्रातृ द्वितीया के अवसर पर पुरुलिया के सांसद तथा प्रदेश भाजपा के महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो ने यह आह्वान किया। शहर के रांची रोड स्थित अपने सांसद कार्यालय में उन्होंने भाजपा की महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं से भाईफोंटा ग्रहण किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों और राज्य पुलिस के कर्मचारियों को भी अपने हाथों से भाईफोंटा लगाया तथा मिठाई खिलाकर भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा का संदेश दिया।

इस अवसर पर सांसद ने बहनों के प्रति गलत नजर रखने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों का अंजाम ‘शाम को जमा और सुबह को खर्च’ जैसा होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह बहनें भाई की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करते हुए भाईफोंटा लगाती हैं, उसी तरह प्रत्येक भाई को भी पश्चिम बंगाल में बहनों की सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए।

ज्योतिर्मय सिंह महतो ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने बहनों की ओर गलत नजर उठाई है, उनका अंजाम सभी ने देखा है। आगे भी ऐसे लोगों के साथ यही होगा। देश के प्रधानमंत्री और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने बहनों की जिम्मेदारी उठाई है। उसी तरह हम सभी भाइयों को भी बहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी होगी।

बुधवार दोपहर सांसद कार्यालय में भाईफोंटा को लेकर उत्सवी माहौल रहा। पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ तिलक लगाने और मिठाई खिलाने का कार्यक्रम आयोजित हुआ। सांसद ने केंद्रीय बल के जवानों से लेकर राज्य पुलिस के कर्मचारियों तक को लड्डू खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री पूनम सिंह पांडे ने कहा कि सांसद उनके भाई हैं। महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें भाईफोंटा लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। सांसद ने भी सभी बहनों को आशीर्वाद दिया और उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है और भाईफोंटा का यह आयोजन इसी पारिवारिक भावना और आपसी प्रेम का संदेश देता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा