आसनसोल के सांसद के लापता होने का पोस्टर लगने से सियासी पारा चढ़ा
आसनसोल, 15 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल में चुनावी माहौल के बीच एक नया राजनीतिक विवाद सामने आया है। वार्ड संख्या 78 के केएस टाइप इलाके में शत्रुघ्न सिन्हा के ‘लापता’ होने का पोस्टर लगाए जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है। यह पोस्टर आसनसोल सिटीजन फोरम की ओर से लगाया गया बताया जा रहा है, जिसमें लिखा है—शर्म की बात है, आसनसोल के सांसद विलुप्त हो गए हैं। 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान विकास कहां है? धिक्कार ऐसी सांसद पर।
इस पोस्टर के सामने आने के बाद पूरे आसनसोल में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सांसद और सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साध रहे हैं और इसे जनता की नाराजगी का प्रतीक बता रहे हैं।
वहीं, दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने इस पूरे मामले को विपक्ष की साजिश करार दिया है। आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेन्दु चौधरी ने कहा कि यह विरोधियों का दुष्प्रचार है। उन्होंने दावा किया कि सांसद लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और हर समय राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा व मंथन करते रहते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा द्वारा गलत प्रचार किया जा रहा है, जबकि उनके अनुसार सांसद क्षेत्र में लगातार मौजूद रहते हैं और जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आसनसोल सिटीजन फोरम के नाम पर कोई भी इस तरह का पोस्टर लगा सकता है और इसके पीछे विपक्ष की साजिश हो सकती है।
चुनावी माहौल में इस तरह की घटनाएं आने वाले दिनों में सियासी गर्मी और बढ़ा सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

