home page

सांसद महुआ मोइत्रा ने डाला वोट, कहा- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

 | 
सांसद महुआ मोइत्रा ने डाला वोट, कहा- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई


आसनसोल, 29 अप्रैल (हि.स.)।

नदिया जिले के कृष्णनगर से तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोईत्रा ने बुधवार सुबह-सुबह अपने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। आम मतदाताओं के साथ लाइन में खड़े होकर उन्होंने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोग लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में उतर चुके हैं और इसी वजह से मतदान प्रतिशत अधिक हो रहा है।

महुआ मोइत्रा ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में लोग बड़ी संख्या में वोट देने पहुंच रहे हैं, इसलिए मतदान प्रतिशत अधिक होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में 27 लाख वोट काटे गए थे और पहले भी 7 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। जिन लोगों के नाम अब भी वोटर लिस्ट में हैं, वे शत-प्रतिशत मतदान करने पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह वोट “प्रतिशोध” का वोट है और पिछले पांच महीनों से केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग ने लोगों और लोकतंत्र के साथ जो मजाक किया है, जनता उसका जवाब दे रही है।

उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में लोग इसका जवाब दे चुके हैं और जो काम पहले चरण में शुरू हुआ था, वह दूसरे चरण में खत्म होगा।

करीमपुर में रेलवे लाइन की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर महुआ मोइत्रा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से यह मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी जब रेल मंत्री थीं, तब कृष्णानगर से करीमपुर तक लगभग 100 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन परियोजना को मंजूरी दी गई थी। इस इलाके में करीब 10 लाख लोग रहते हैं और उन्हें रेलवे लाइन की सख्त जरूरत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है, लेकिन इस परियोजना पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का नाम लेते हुए कहा कि उनसे बार-बार यह मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कहती है कि पहले जिताओ, फिर रेलवे लाइन देंगे।

महुआ मोइत्रा ने कहा कि अगर ममता बनर्जी भी यही कहतीं कि पहले जिताओ, फिर योजनाएं देंगी, तो राज्य की ढाई करोड़ महिलाओं को लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी यह नहीं देखतीं कि कौन उन्हें वोट देता है और कौन नहीं, बल्कि सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाता है।

उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण के मतदान में नदिया जिले की कुल 17 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इनमें करीमपुर, तेहट्ट, पलाशीपाड़ा, कलीगंज, नाकाशीपाड़ा, चापड़ा, कृष्णानगर उत्तर, कृष्णानगर दक्षिण, कृष्णगंज (एससी), राणाघाट उत्तर पश्चिम, राणाघाट उत्तर पूर्व, राणाघाट दक्षिण, शांतिपुर, चाकदह, कल्याणी, हरिणघाटा और कल्याणी (एससी) क्षेत्र शामिल हैं।मतदान को लेकर जिले के विभिन्न इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा