home page

तेहट्ट में सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंकने का आरोप

 | 
तेहट्ट में सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंकने का आरोप


तेहट्ट में सांसद महुआ मोइत्रा पर अंडे फेंकने का आरोप


नदिया, 16 सितंबर (हि. स.)। जिले के तेहट्ट में तृणमूल कांग्रेस की कार्यकर्ता सभा में शामिल होने पहुंचीं कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र की सांसद और कृष्णानगर संगठनात्मक तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष महुआ मोइत्रा को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कथित तौर पर उन्हें निशाना बनाकर अंडे फेंके। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

बताया गया कि बुधवार को तेहट्ट के हाउलिया मोड़ पर तृणमूल कांग्रेस की कार्यकर्ता सभा आयोजित की गई थी। महुआ मोइत्रा के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब महुआ मोइत्रा वहां से निकल रही थीं, तब एक बार फिर उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान उन पर अंडे फेंके जाने का आरोप है। कई अंडे महुआ मोइत्रा के कपड़ों पर जा लगे। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ी तस्वीरें पोस्ट कीं।

महुआ मोइत्रा ने घटना को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई और पुलिस पूरे घटनाक्रम के दौरान मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का ध्यान भी इस घटना की ओर आकर्षित किया और दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें आवश्यक सुरक्षा नहीं मिली।

कार्यकर्ता सभा को संबोधित करते हुए महुआ मोइत्रा ने कहा कि भाजपा इस तरह की गतिविधियों के जरिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यक्रमों को रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोध से तृणमूल अपने कार्यक्रम बंद नहीं करेगी, बल्कि अगर एक सभा को रोकने की कोशिश की गई तो इसके जवाब में कई और सभाएं आयोजित की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा