home page

सांसद पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

 | 
सांसद पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप


आसनसोल, 23 मार्च (हि. स.)। आसनसोल के सांसद शत्रुधन सिन्हा पर आचार संहिता का उल्लंघन का आरोप भाजपा उम्मीदवार डॉ बिजन मुखर्जी ने लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, चुनावी सरगर्मी के बीच रविवार शाम में पहली बार प्रचार करने जामुड़िया गये थे। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। वहां वे तृणमूल उम्मीदवार हरे राम सिंह के समर्थन में आयोजित बैठक में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी जीत तय है, इसके लिए सभी को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी। इस बैठक में सांसद नीली बत्ती लगी गाड़ी से गए थे। जिसको लेकर भाजपा ने आचार संहिता का उल्लंघन का आरोप लगाया है। मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू होने के बावजूद नीली बत्ती लगे होने पर विवाद खड़ा हो गया।

दूसरी ओर, भाजपा उम्मीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी नेता को नीली बत्ती का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने तृणमूल नेताओं पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वे हाल ही में बंगाल आए हैं और मामले को देखेंगे। विवाद के बाद उनकी कार से नीली बत्ती हटा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा