चुनाव 26 : आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने जामुड़िया में जनसभा को संबोधित किया
आसनसोल, 19 अप्रैल (हि.स.)। आसनसोल लोकसभा केंद्र से तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा रविवार को जामुड़िया के निघा क्षेत्र में जामुड़िया के तृणमूल प्रत्याशी हरे राम सिंह के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस मौके पर क्षेत्र के कई तृणमूल नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभास्थल पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से चल रही सरकार ने कई वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में महिला आरक्षण को लेकर की गई बात भी पूरी नहीं हो सकी और विपक्ष के विरोध के चलते यह विधेयक पारित नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है जब केंद्र सरकार कोई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में लाकर उसे पारित नहीं करवा सकी, जो सरकार की बड़ी विफलता को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को धन्यवाद देना चाहिए कि उसने अब तक प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग नहीं की है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने यह भी कहा कि यदि प्रधानमंत्री वास्तव में महिला सशक्तिकरण को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देकर किसी महिला को प्रधानमंत्री बनने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में ममता बनर्जी देश की प्रधानमंत्री बन सकती हैं।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हाल ही में राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान उनकी स्थिति ऐसी लग रही थी, मानो वे भावुक हो जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

