home page

सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की अनुपस्थिति पर भाजपा ने दर्ज कराई सांकेतिक गुमशुदगी की शिकायत

 | 
सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की अनुपस्थिति पर भाजपा ने दर्ज कराई सांकेतिक गुमशुदगी की शिकायत


पश्चिम बर्दवान, 26 जुलाई (हि. स.)। जिले में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की कथित अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए अंडाल थाना अंतर्गत उखड़ा पुलिस चौकी में उनके नाम पर सांकेतिक गुमशुदगी शिकायत दर्ज कराई।

भाजपा कार्यकर्ता दयाल चटर्जी के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और समर्थक उखड़ा पुलिस चौकी पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया। भाजपा का आरोप है कि सांसद लंबे समय से अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रिय रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं और स्थानीय जनता के साथ उनका सीधा संवाद लगभग समाप्त हो गया है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव के बाद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर लोगों ने कई बार सांसद से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें अपेक्षित संवाद और उपस्थिति नहीं मिली।

उनका आरोप है कि सड़क, पेयजल, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े कई मुद्दे लंबित हैं, जिन पर सांसद की सक्रियता नजर नहीं आ रही है।

पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि सांकेतिक गुमशुदगी शिकायत का उद्देश्य किसी व्यक्ति का अपमान करना नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में जनता अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों से नियमित संवाद और जवाबदेही की अपेक्षा करती है।

इस घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। समाचार लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस या सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की ओर से भाजपा के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा