मयना के अशोक डिंडा और तमलुक के हरेकृष्ण बेरा बने राज्य मंत्री, स्थानीय लोगों में उत्साह
पूर्व मेदिनीपुर, 02 जून (हि. स.)। जिले के मयना और तमलुक विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को उत्साह का माहौल रहा। मयना के विधायक एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर अशोक डिंडा तथा तमलुक के विधायक एवं चिकित्सक डॉ. हरेकृष्ण बेरा के राज्य सरकार में राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने पर स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त की।
मयना से लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए अशोक डिंडा ने वर्ष 2021 में पहली बार भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने विजय अंतर को और बढ़ाते हुए दोबारा जीत दर्ज की।
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद डिंडा ने कहा कि वह कभी मंत्री बनने के उद्देश्य से राजनीति में नहीं आए थे। पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में वह अपनी भूमिका पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।
मयना निवासी शिक्षक दिलीप कुमार पात्र ने कहा कि जब अशोक डिंडा भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते थे, तब क्षेत्रवासियों को गर्व होता था। अब उनके मंत्री बनने से लोगों की खुशी और बढ़ गई है।
वहीं, तमलुक से विधायक डॉ. हरेकृष्ण बेरा भी राज्य मंत्री बने हैं। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में बेहद कम अंतर से हारने के बाद भी उन्होंने क्षेत्र में लगातार संगठनात्मक और जनसंपर्क गतिविधियां जारी रखीं। वर्ष 2026 के चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे।
डॉ. बेरा ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। मुख्यमंत्री जिस विभाग की जिम्मेदारी सौंपेंगे, उसका संचालन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

