home page

मयना में तृणमूल और भाजपा समर्थकों में झड़प, कई घायल

 | 
मयना में तृणमूल और भाजपा समर्थकों में झड़प, कई घायल


पूर्व मेदिनीपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मयना इलाके में मतदान के अगले दिन फिर से तनाव की स्थिति बन गई। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना मयना के बकचार सांतला पुल इलाके की बताई जा रही है।

तृणमूल समर्थकों का आरोप है कि गुरुवार देर रात भाजपा समर्थकों ने उनके घरों में तोड़फोड़ की। इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। तृणमूल कार्यकर्ताओं का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब 250-300 भाजपा समर्थक उनके इलाके में पहुंचे और हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की और घर की महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें मयना ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

वहीं, भाजपा की ओर से लगाए गए आरोप अलग हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे इलाके में बैठे थे, तभी स्थानीय तृणमूल नेता, उनकी पत्नी और कुछ अन्य समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे की रॉड से मारपीट की गई, जिससे तीन भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे तमलुक मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता