विस चुनाव 2026 : अशोक डिंडा के नेतृत्व में मोयना में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
पूर्व मेदिनीपुर, 20 मार्च (हि.स.)।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के मोयना विधानसभा क्षेत्र में पूर्व क्रिकेटर और भाजपा उम्मीदवार अशोक डिंडा शनिवार सुबह से ही अपने क्षेत्र में ईद की मुबारकबाद देते और लोगों से मुलाकात करते नजर आए। आगामी चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने मोयना मंडल-पांच में शुक्रवार शाम कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर अपनी चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया, जिसमें संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर रणनीति को धार देने पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और पार्टी नेतृत्व ने चुनावी तैयारियों को और गति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विधायक अविनाश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोयना में भाजपा की जीत बंगाल में परिवर्तन का संकेत बनेगी। इस अवसर पर विधानसभा संयोजक गौतम गुरु और स्थानीय विधायक अशोक डिंडा ने कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति साझा की।
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा कम से कम 10 परिवारों तक संपर्क स्थापित करने तथा केंद्र की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही राज्य सरकार की नीतियों को लेकर जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में मोयना सीट पर कड़ा मुकाबला हुआ था, जहां भाजपा के अशोक डिंडा ने तृणमूल कांग्रेस के संग्राम कुमार दोलोई को मात्र 1,260 वोटों के अंतर से पराजित किया था।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार 2026 का यह चुनाव भी इस सीट पर बेहद दिलचस्प और कड़े मुकाबले का गवाह बन सकता है। भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जहां अशोक डिंडा के चेहरे पर दांव लगा रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
अशोक डिंडा लगातार अपनी स्थिति को मजबूत करने में जुटे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इस बार चंदन मंडल को मैदान में उतारकर मुकाबले को और अधिक त्रिकोणीय और रोचक बनाने की रणनीति अपनाई है। अब मोयना की जनता 23 अप्रैल को यह तय करेगी कि इस बार जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

