home page

बांकुड़ा में बिजली के खंभे से टकराई तेज रफ्तार बाइक, तीन की मौत

 | 
बांकुड़ा में बिजली के खंभे से टकराई तेज रफ्तार बाइक, तीन की मौत


बांकुड़ा, 10 नवंबर (हि. स.)। जिले में काली पूजा देखकर लौट रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसा इंदपुर थाना क्षेत्र के जुनबेदिया इलाके में हुआ है। मृतकों की पहचान सुमन महतो, आकाश सिंह और सुमन कुमार चांद के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष बताई जा रही है। वे पुरुलिया जिले के मानबाजार इलाके के निवासी थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीनों युवक काली पूजा देखने के लिए बाइक से बांकुड़ा आए थे। सोमवार देर रात वे उसी बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इंदपुर थाने की पुलिस ने तीनों को बरामद कर बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सुमन महतो और सुमन कुमार चांद को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल आकाश सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। इस हादसे से मानबाजार इलाके में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार