home page

करंट लगने से मां-बेटे की मौत, एक युवती घायल

 | 

सिलीगुड़ी, 25 जून (हि. स.। सिलीगुड़ी में बुधवार रात मां-बेटे की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना भवसिंधु कॉलोनी में हुई, जहां अचानक कई घरों की दीवारें, टिन की छतें और लोहे की संरचनाएं बिजली की चपेट में आ गई। मृतकों की पहचान प्रमिला राय (50) और उनके बेटे राजू राय (27) के रूप में हुई है। वहीं, सुनती साहू नामक एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका इलाज सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में चल रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रमिला राय लंबे समय से लकवाग्रस्त थी। बुधवार रात घर में रहते समय उन्होंने खिड़की की लोहे की ग्रिल को छुआ, जो किसी कारणवश बिजली प्रवाहित कर रही थी। करंट लगने के बाद उन्हें तड़पता देख उनका बेटा राजू उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन मां को छूते ही वह भी बिजली की चपेट में आ गया।

परिजनों और पड़ोसियों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति नीरन राय ने बताया कि वह काम के सिलसिले में बाहर थे। घर लौटने पर उन्हें इसकी जानकारी मिली। इसी दौरान कॉलोनी के एक अन्य घर में सुनती साहू नामक युवती टिन की दीवार को छूने पर करंट की चपेट में आ गई। बाद में स्थानीय लोगों ने पाया कि केवल एक घर नहीं, बल्कि इलाके के कई घरों की टिन की छतें और दीवारें बिजली प्रवाहित कर रही थी। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के तुरंत बाद विभाग को कई बार फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने का अनुरोध किया गया, लेकिन कर्मचारी लगभग ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंचे। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

पुलिस ने इलाके में माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने और फिलहाल घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बिजली विभाग ने बताया है कि पूरे क्षेत्र में करंट फैलने की वजह और संभावित शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार