गांधी मैदान से सटी सर्विस रोड से मोर्टार शेल बरामद, इलाके में फैली सनसनी
सिलीगुड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी के गांधी मैदान से सटी सर्विस रोड के किनारे एक लावारिस मोर्टार शेल बरामद होने की घटना से इलाके में भारी दहशत फैल गई है। इस भीड़भाड़ वाली सड़क के किनारे विस्फोटक पड़ा देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर सर्विस रोड के किनारे स्थानीय निवासियों ने इस संदिग्ध वस्तु को पड़ा देखा। उन्होंने भक्तिनगर थाने को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर भक्तिनगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आम लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया। पुलिस की ओर से भारतीय सेना से संपर्क किया गया। सेना के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वस्तु की जांच की और पुष्टि की कि यह एक मोर्टार शेल है।
सेना की एक विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानी के साथ शेल को अपने कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले गई। इस व्यस्त इलाके में यह मोर्टार शेल आखिर कैसे पहुंचा, इसकी जांच के लिए पुलिस और सेना के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छानबीन शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

