चुनाव 26 : मलय घटक ने आसनसोल बाजार में किया चुनाव प्रचार
आसनसोल, 31 मार्च (हि. स.)। मंगलवार को आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार ने अपना जनसंपर्क अभियान और तेज कर दिया है।जनसंपर्क अभियान के तहत मलय घटक आसनसोल के बाजार घांटी गली इलाके में पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया।
उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, हाथ जोड़कर समर्थन की अपील की। आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का अनुरोध किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी समर्थक भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मलय घटक ने राज्य में हुए विकास कार्यों को प्रमुख मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में लगातार विकास हुआ है और आसनसोल उत्तर क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिला है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि विकास की गति को बनाए रखना है, तो ममता बनर्जी को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को भारी बहुमत से जीत दिलाने का आह्वान किया।
आसनसोल उत्तर में चल रहा यह अभियान संकेत देता है कि तृणमूल कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी है और हर घर तक पहुंचकर समर्थन जुटाने की रणनीति पर काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

