पश्चिम मेदिनीपुर के मोहनपुर में सेप्टिक टैंक में गिरने से चार की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर, 14 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के आंतला गांव में सेप्टिक टैंक में काम करने के दौरान हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को बदिर मल्लिक अपनी बहन के घर सेप्टिक टैंक का काम करने पहुंचे थे। काम के दौरान किसी तरह वह टैंक के अंदर गिर गए। उन्हें बचाने के लिए उनकी बहन सरजिना बीबी टैंक में उतरीं, लेकिन वह भी अंदर गिर गईं। इसके बाद अपनी मां को बचाने के प्रयास में उनके बेटे शेख रबिउल भी टैंक में गिर गए। इन तीनों को बचाने के लिए पड़ोसी रिश्तेदार शेख साहेब आगे आए, लेकिन वह भी टैंक के अंदर गिर गए।
इस हादसे में चारों की मौत हो गई। वहीं, शेख अबुकलाम नामक एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मोहनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार देर शाम पुलिस ने मृतकों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

