हुगली में तृणमूल संचालित पंचायत प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, तृणमूल और भाजपा सदस्य आए साथ
हुगली, 07 अगस्त (हि. स.)। जिले के मोगरा दो नंबर ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस संचालित पंचायत के प्रधान के खिलाफ शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। इस प्रस्ताव को तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टी के सदस्यों का समर्थन मिला है।
तृणमूल कांग्रेस के उपप्रधान सृजित कुमार दास ने आरोप लगाया कि पंचायत का संचालन प्रधान जयश्री पाल के बजाय उनके पति राजा पाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत पति-पत्नी की पंचायत बनकर रह गई थी और केवल प्रधान के इलाके में ही विकास कार्य हुए, जबकि अन्य क्षेत्रों की अनदेखी की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मोगरा दो नंबर ग्राम पंचायत में कुल 19 सदस्य थे। इनमें से एक तृणमूल सदस्य पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। पंचायत में भाजपा के छह सदस्य हैं, जबकि बाकी सदस्य तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं।
उपप्रधान सृजित कुमार दास ने दावा किया कि पंचायत की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण 15 सदस्यों ने मिलकर प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। प्रस्ताव को चुंचुड़ा-मोगरा ब्लॉक के बीडीओ राजीव पोद्दार के पास भेज दिया गया है।
वहीं, पंचायत में भाजपा के विपक्षी नेता प्रीतम बनर्जी ने कहा कि भाजपा ने पारदर्शी पंचायत की मांग को लेकर अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि पंचायत गठन में भाजपा- तृणमूल कांग्रेस के साथ नहीं रहेगी और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि 2023 के पंचायत चुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है, उसी अनुसार पंचायत का संचालन होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में अगर जनता भाजपा को समर्थन देती है तो भाजपा पंचायत की जिम्मेदारी संभालेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

