home page

शमिक भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को सराहा

 | 
शमिक भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को सराहा


कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा को लेकर अपने विचार व्यक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन मेहनत, अनुशासन, संगठन क्षमता और राष्ट्र प्रथम की भावना का उदाहरण है।

भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल किसी पद पर रहना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना, उसकी आकांक्षाओं को समझना और देश के भविष्य के लिए लक्ष्य तय करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए देश सर्वोपरि और जनकल्याण सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘विकसित भारत’ का सपना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसके निर्माण में देश के प्रत्येक नागरिक की भूमिका है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

भट्टाचार्य ने कहा कि पद से बड़ी जिम्मेदारी, सत्ता से बड़ा कर्तव्य और प्रचार से बड़ा जनता का विश्वास है। उन्होंने कहा कि सबसे ऊपर देश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उन्नत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता