सिलीगुड़ी में रोड रोलर से कुचले गए 209 मॉडिफाइड साइलेंसर
सिलीगुड़ी, 07 नवंबर (हि.स.)। शहर में ध्वनि प्रदूषण रोकने और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ट्रैफिक विभाग द्वारा विभिन्न अभियानों के दौरान जब्त किए गए 209 मॉडिफाइड साइलेंसर पर सार्वजनिक रूप से एयरव्यू मोड़ पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में रोड रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस अवसर पर राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष और पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा मौजूद रहे।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर से होने वाले कर्कश शोर के कारण अस्पतालों में भर्ती मरीजों, बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मंत्री ने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि केवल बाइक चालकों ही नहीं, बल्कि ऐसे गैर-कानूनी साइलेंसर बेचने और फिट करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी छापेमारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मंत्री शंकर घोष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शहर में शांति भंग करने वाले और तेज आवाज निकालने वाले साइलेंसर किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
वहीं, पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे कम उम्र के बच्चों को बाइक न सौंपें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

