home page

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बंगाल में शुरू होगी विश्वकर्मा योजना, शुभेंदु अधिकारी ने की घोषणा

 | 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बंगाल में शुरू होगी विश्वकर्मा योजना, शुभेंदु अधिकारी ने की घोषणा


कोलकाता, 16 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राज्य में विश्वकर्मा योजना शुरू की जाएगी। कोलकाता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार वार्ता में शुभेंदु ने कहा कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने राज्य में इस योजना को लागू नहीं होने दिया था, लेकिन अब मोदी के जन्मदिन पर इसे शुरू किया जा रहा है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर राज्य में भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गंगा में एक लाख दीप जलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को ध्यान में रखते हुए राज्य में भी सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। केंद्र सरकार ने यह योजना 19 सितंबर 2023 को शुरू की थी। इसके तहत पात्र कारीगरों और शिल्पकारों को कम ब्याज दर पर तीन लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। राज्य सरकार के अनुसार, इच्छुक लाभार्थी पीएम विश्वकर्मा के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 17 सितंबर को राज्य की 1.58 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना के तहत तीन योजना रुपये की राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले महीने 1.48 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला था और इस बार करीब 10 लाख अतिरिक्त महिलाओं को योजना के दायरे में लाया गया है।

शुभेंदु अधिकारी के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्रकारों को संबोधित किया और प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए उनके कार्यकाल की विभिन्न उपलब्धियां गिनाईं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर