प्रधानमंत्री के प्रशासनिक जीवन के 25 साल : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी आयोजनों और अभियानों की जानकारी
कोलकाता, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रशासन के सर्वोच्च पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कई प्रकार के राजव्यापी अभियान आयोजित किए गए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने सोमवार को साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को इस उपलक्ष में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के सफल संचालन का बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक चलेगा।
भट्टाचार्य ने कहा कि आगामी सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री प्रशासन के सर्वोच्च पदों पर लगातार रहते हुए 25 वर्ष पूरे करेंगे। उस दिन पश्चिम बंगाल के सभी 23 जिला मुख्यालयों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित कियेे जाएगे। कार्यक्रम में विशाल स्क्रीन के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता मशाल यात्रा और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेंगे।
उन्होंने बताया कि कोलकाता स्थित इंडियन म्यूजियम में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल, गुजरात के सामाजिक-आर्थिक विकास, सिंचाई व्यवस्था, वंचित वर्गों के कल्याण और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़े कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के पहले 100 से 140 दिनों के विकास कार्यों को भी प्रदर्शनी में रखा जाएगा।
भट्टाचार्य ने कहा, “आज का धर्म लोकतंत्र है और आज की राजनीति विकास है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजनीति के केंद्र में विकास को रखा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी पिछले 25 वर्षों से विभाजन और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर देश की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर काम कर रहे हैं।
राज्य में राजनीतिक हिंसा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की स्थिति में बदलाव आया है। हालांकि भाजपा से जुड़े किसी व्यक्ति की गैरकानूनी या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में ‘तृणमूलीकरण’, सिंडिकेट और जबरन वसूली की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। पार्टी में “नेता से बड़ा पार्टी और पार्टी से बड़ी देश” की नीति है।
भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में हवाई अड्डा परियोजनाओं को गति मिली है और मालदा हवाई अड्डे को लेकर भी जल्द प्रगति की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने सात अक्टूबर के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता से भी शामिल होने और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सफल बनाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

