home page

खानाकुल में बाढ़ से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, छात्रों और ग्रामीणों को दिया गया प्रशिक्षण

 | 
खानाकुल में बाढ़ से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, छात्रों और ग्रामीणों को दिया गया प्रशिक्षण


हुगली, 12 अगस्त (हि. स.)। प्राकृतिक आपदा, विशेषकर बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को खानाकुल के पूर्व ठाकुरानिचक रवींद्र विद्यायतन में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी बाढ़ की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और आवश्यक कदमों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों ने द्वारकेश्वर नदी में उतरकर बचाव एवं राहत कार्यों के विभिन्न तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण के दौरान आपदा की स्थिति में तत्काल निर्णय लेने, सुरक्षित स्थान पर जाने तथा बचाव दल के साथ समन्वय बनाए रखने के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम बरतते हुए सही कदम उठाना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में आरामबाग एसडीओ रवि कुमार, खानाकुल-1 ब्लॉक की बीडीओ अदिति गांगुली, खानाकुल बीएमओएच रक्तिम चटर्जी तथा ठाकुरानिचक ग्राम पंचायत के प्रधान रामकृष्ण माइती सहित प्रशासन के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बिजली विभाग, दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन के विभिन्न स्तरों के प्रतिनिधियों ने भी मॉक ड्रिल में हिस्सा लिया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि बरसात के मौसम में खानाकुल जैसे बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को संभावित आपदा से निपटने के लिए पहले से तैयार और जागरूक करने के उद्देश्य से इस तरह के मॉक ड्रिल आयोजित किए जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, वास्तविक बाढ़ की स्थिति में लोग भयभीत हुए बिना तेजी से और सही निर्णय ले सकें, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय