आवास योजना और सौ दिनों के काम में भ्रष्टाचार का आरोप, जांच की मांग
पूर्व मेदिनीपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा-एक प्रखंड के ऋषि बंकिमचंद्र ग्राम पंचायत अंतर्गत आमेदपुर गांव में मनरेगा और आवास योजना में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। सरकारी योजनाओं में अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं और ग्रामीणों के एक वर्ग ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आवास योजना के तहत कुछ लाभार्थियों के मकान का निर्माण किए बिना ही उनके नाम पर दूसरी किस्त की राशि निकाल ली गई है। इसके अलावा मनरेगा के तहत भी बिना काम किए सरकारी धनराशि निकालने का आरोप लगाया गया है। इस पूरे मामले में स्थानीय ग्राम पंचायत सदस्य मणिकांचन जाना की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शनिवार देर शाम ग्रामीणों और भाजपा नेताओं ने मामले की पूरी जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं शनिवार रात फोन पर बात होने पर ग्राम पंचायत सदस्य मणिकांचन जाना ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि ये आरोप राजनीतिक उद्देश्य से लगाए गए हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।
फिलहाल सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितता को लेकर क्षेत्र में चर्चा जारी है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और उस पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

