खड़गपुर में डीआरएम ललित मोहन पांडेय से मिले बीनपुर और मेदिनीपुर के विधायक
खड़गपुर, 24 अगस्त (हि. स.)। बीनपुर के विधायक डॉ. प्रनात टुडू और मेदिनीपुर के विधायक डॉ. शंकर कुमार गुछैत ने सोमवार को खड़गपुर स्थित मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में डीआरएम ललित मोहन पांडेय से अलग-अलग बैठक की। इस दौरान अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में रेलवे विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दोनों विधायकों ने अपने क्षेत्रों में रेलवे बुनियादी ढांचे, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेल सुविधाओं के विकास से जुड़े मुद्दों को रेखांकित किया।
डीआरएम ललित मोहन पांडेय ने बीनपुर के विधायक डॉ. प्रनात टुडू को झाड़ग्राम जिले में खड़गपुर मंडल द्वारा संचालित विभिन्न चालू रेल विकास परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
मेदिनीपुर के विधायक डॉ. शंकर कुमार गुछैत को मेदिनीपुर क्षेत्र में चल रहे ढांचागत कार्यों और 'अमृत स्टेशन योजना' के तहत मेदिनीपुर स्टेशन पर किए जा रहे विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी गई।
इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में रेल बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर विचारों का विस्तृत आदान-प्रदान हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

