home page

नवग्राम में अवैध सैलून और गैरेज पर सख्त रुख, विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

 | 
नवग्राम में अवैध सैलून और गैरेज पर सख्त रुख, विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी


हुगली, 06 अगस्त (हि. स.)। उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने नवग्राम इलाके में अवैध रूप से संचालित सैलून और गैरेज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया है। उन्होंने गुरुवार को स्पष्ट कहा कि सरकारी नियमों और कानून का उल्लंघन कर चलाए जा रहे किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नवग्राम क्षेत्र में संचालित कई सैलून और गैरेज की वैधता तथा आवश्यक अनुमतियों को लेकर सवाल उठे हैं। आरोप है कि कुछ प्रतिष्ठान आवश्यक लाइसेंस और अन्य कानूनी औपचारिकताओं का पालन किए बिना संचालित किए जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने कहा कि बिना वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के कोई भी व्यवसाय संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि जांच में किसी प्रतिष्ठान के अवैध रूप से संचालित होने की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अवैध निर्माण अथवा प्रतिष्ठान को हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग सभी नियमों का पालन करते हुए वैध रूप से व्यवसाय कर रहे हैं, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन पूरी जांच और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगा।

विधायक के इस बयान के बाद नवग्राम क्षेत्र में अवैध निर्माण और व्यवसायों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय