home page

तोलाबाजी करने वालों को नहीं बख्शूंगा, चाहे अपनी पार्टी का हो : देवदास मंडल

 | 
तोलाबाजी करने वालों को नहीं बख्शूंगा, चाहे अपनी पार्टी का हो : देवदास मंडल


कोलकाता, 25 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के हाबरा में कथित तौर पर जबरन वसूली के खिलाफ भाजपा विधायक देवदास मंडल ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार सुबह उन्होंने माइक लगाकर शहर के विभिन्न इलाकों में प्रचार किया और दुकानों पर जाकर व्यापारियों से किसी को भी वसूली के नाम पर पैसे नहीं देने की अपील की।

इस दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, ''अगर कोई जबरन वसूली करेगा तो उसके घुटने तोड़ दूंगा।'' उन्होंने यह भी कहा कि जबरन वसूली करने वाला व्यक्ति चाहे उनकी अपनी पार्टी का कार्यकर्ता ही क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक के इस अभियान पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। माकपा और कांग्रेस ने इसे दिखावे का कार्यक्रम बताते हुए कहा कि विधायक वास्तव में जबरन वसूली रोकने के लिए गंभीर नहीं हैं।

दरअसल, विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार देवदास मंडल ने तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर जबरन वसूली और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उस समय उन्होंने हाबरा नगरपालिका के तत्कालीन अध्यक्ष नारायणचंद्र साहा को निशाने पर लेते हुए कहा था कि नगरपालिका के 24 वार्डों में हुए भ्रष्टाचार और तृणमूल नेताओं की वसूली से जुड़े सभी दस्तावेज उनके पास हैं। चुनाव जीतने के बाद इन मामलों की फाइल खोलने और संबंधित नेताओं को जेल भेजने का भी उन्होंने दावा किया था।

हालांकि, विधायक बने छह महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी विपक्ष का आरोप है कि अब तक किसी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके उलट हाबरा के प्रसिद्ध वस्त्र बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं पर व्यापारियों से पैसे मांगने के कई आरोप सामने आए हैं।

गत सोमवार को विधायक ने पत्रकार वार्ता कर व्यापारियों से वसूली की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराने की अपील की थी। बुधवार को वह स्वयं हाबरा स्थित वस्त्र बाजार पहुंचे और माइक के माध्यम से व्यापारियों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली होने पर पुलिस में शिकायत करने का आग्रह किया।

माकपा की हाबरा क्षेत्रीय समिति के सचिव प्रसेनजीत दत्ता ने विधायक के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका बयान सुनकर हंसी आती है। चुनाव के समय उन्होंने तोलाबाजी के खिलाफ कई घोषणाएं की थीं, लेकिन उनमें से एक भी पूरी नहीं हुई। उन्हें पता है कि कौन लोग वसूली कर रहे हैं, फिर भी वह पुलिस में शिकायत क्यों नहीं कर रहे हैं? उन्होंने विधायक की मंशा पर भी सवाल उठाए।

वहीं, हाबरा टाउन कांग्रेस के अध्यक्ष तथा विधानसभा में कांग्रेस विधायक प्रणव भट्टाचार्य ने कहा कि विधायक बार-बार कहते हैं कि उन्हें जबरन वसूली की जानकारी मिली है और इसमें शामिल लोगों के नाम भी बता रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने अब तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा अभियान केवल दिखावे के लिए चलाया जा रहा है और तोलाबाजी रोकने की विधायक की मंशा पर संदेह है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता