छातना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अत्याधुनिक इएनटी माइक्रोस्कोप का उद्घाटन
पुरुलिया, 22 अगस्त (हि.स.)।
जिले के छातना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अत्याधुनिक इएनटी सर्जिकल डिजिटल माइक्रोस्कोव सिस्टम की सुविधा शुरू की गई है। विधायक सत्यनारायण मुखोपाध्याय की पहल पर करीब 15 लाख रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक मशीन की आपूर्ति, स्थापना और संचालन शुरू किया गया है।
शुक्रवार को फीता काटकर विधायक सत्यनारायण मुखोपाध्याय ने नए उपकरण का उद्घाटन किया। इस मौके पर अस्पताल के सुपर डॉ. तापस कुमार मंडल, असिस्टेंट सुपर तमाल बसु, इएनटी विभाग के चिकित्सक डॉ. मनोमय खान समेत अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छातना अस्पताल के बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नया माइक्रोस्कोप ईएनटी चिकित्सा और जटिल सर्जरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इएनटी चिकित्सक डॉ. मनोमय खान ने बताया कि नई तकनीक की मदद से रोगों की जांच और विभिन्न इएनटी सर्जरी में पहले से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संभव होगा।
अस्पताल के सुपर डॉ. तापस कुमार मंडल ने कहा कि अत्याधुनिक उपकरण के जुड़ने से इएनटी विभाग का चिकित्सा ढांचा और मजबूत हुआ है। इससे चिकित्सकों को रोगों की जांच और जटिल सर्जरी के दौरान आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान की जा सकेगी।
नए उपकरण के शुरू होने से कान, नाक और गले से संबंधित विभिन्न जटिल बीमारियों के इलाज और सर्जरी के लिए छातना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पहले की तुलना में और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

