मेदिनीपुर में विधायक सेवा केंद्र प्रारंभ, जनसेवा और सरकारी सुविधाओं को मिला विस्तार
मेदिनीपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के 236 नंबर मेदिनीपुर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को विधायक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी सेवाओं की सरल और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है।
सेवा केंद्र का उद्घाटन मेदिनीपुर के विधायक शंकर गुच्छैत ने किया। इस अवसर पर पश्चिम मेदिनीपुर के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सौम्य शंकर षड़ंगी सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधायक शंकर गुच्छैत ने कहा, हमारा लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की त्वरित, पारदर्शी तथा सुगम पहुंच सुनिश्चित कर जनविश्वास को मजबूत बनाना है।
उद्घाटन समारोह के दौरान सेवा केंद्र के माध्यम से विभिन्न जनोपयोगी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र नागरिकों की समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक सरकारी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक शंकर गुच्छैत ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने भविष्य में भी जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रवासियों की सेवा करते रहने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

