home page

विधायक रुद्रनील ने पानी भरी सड़क पर खड़े होकर दिलाया भरोसा, कहा - अब आप चमड़े के जूते पहन सकते हैं

 | 
विधायक रुद्रनील ने पानी भरी सड़क पर खड़े होकर दिलाया भरोसा, कहा - अब आप चमड़े के जूते पहन सकते हैं


हावड़ा, 26 जून (हि. स.)। गुरुवार को हुई भारी बारिश के कारण कोलकाता और आस-पास के इलाके डूब गए हैं। हावड़ा जिले के जगाछा इलाका अभी भी पानी में डूबा हुआ है। शुक्रवार को हावड़ा जिले के शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष इलाके में पहुंचे। वह गंदे पानी में इलाके में गए और स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान करने का भरोसा भी दिया।

विधायक ने भरोसा देते हुए कहा कि अगले तीन साल में हावड़ा जिले का पुनरुद्धार होगा। उसके बाद हावड़ावासी प्लास्टिक की चप्पलों की जगह चमड़े के जूते पहन सकेंगे। उन्होंने कहा कि चार हजार 700 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान पास हो गया है। भाजपा सरकार धीरे-धीरे सब ठीक कर देगी।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को लगातार बारिश के कारण जगाछा के कई इलाके पानी में डूब गए है। खबर पाकर इलाके के विधायक रुद्रनील घोष शुक्रवार सुबह शिवपुर के वार्ड नंबर 47 के चांगराजला इलाके का मुआयना करने गए। उनके साथ हावड़ा नगर पालिका के कमिश्नर, इंजीनियर और दूसरे बड़े अधिकारी थे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ बाढ़ वाले इलाके का दौरा किया।

स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि यह इलाका काफ़ी नीचा है, इसलिए यहां साल भर पानी जमा रहने की समस्या रहती है। मॉनसून आने पर परेशानी बहुत ज़्यादा बढ़ जाती है। लोगों को इसी गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनने के बाद रुद्रनील घोष ने पिछली सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि 15 साल के भ्रष्टाचार की वजह से आज यह हालत हुई है। थोड़ी सी बारिश में ही हावड़ा में टखनों तक पानी जमा हो जाता है। शिवपुर के लोग कई सालों से बिना प्लान के शहरी विकास की वजह से परेशान हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा