दुर्गापुर में सुरक्षा को लेकर विधायक की बड़ी चेतावनी
पश्चिम बर्दवान, 02 अगस्त (हि. स.)। जिले के दुर्गापुर के तपोवन सिटी में नवनिर्वाचित विधायक कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर रविवार को दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने स्थानीय लोगों से सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से बहुमंजिली आवासों और मकान मालिकों से किरायेदार रखने से पहले उनकी पूरी पहचान की जांच कराने का अनुरोध किया।
विधायक ने कहा कि हाल के दिनों में दुर्गापुर मेन गेट और बर्दवान में कथित आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान देने से पहले उसका आधार, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज मलानदीघी पुलिस चौकी और कांकसा थाने में जमा कर पुलिस सत्यापन अवश्य कराया जाए। इससे किरायेदार की पहचान सुनिश्चित होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की भी इसमें समान भागीदारी है। छोटी-सी लापरवाही भविष्य में बड़ी समस्या का कारण बन सकती है। इसलिए सभी नागरिकों से पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया का पालन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय निवासियों ने भी विधायक की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना था कि इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किरायेदारों का सत्यापन बेहद जरूरी है। प्रशासन और आम जनता के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

