home page

शराबबाजी का विरोध करने पर पूर्व विधायक के सहायक की हत्या, सीसीटीवी के आधार पर तीन गिरफ्तार

 | 
शराबबाजी का विरोध करने पर पूर्व विधायक के सहायक की हत्या, सीसीटीवी के आधार पर तीन गिरफ्तार


उत्तर 24 परगना, 24 अगस्त (हि. स.)। जिले के नोआपाड़ा में पूर्व विधायक सुनील सिंह के नीजी सहायक शेखर चौधरी उर्फ बंटी (30) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घर के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने बंटी पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके सिर और चेहरे पर ईंट से वार किए गए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती बंटी की रविवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सोमवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकी चौधरी, अमान चौधरी और पिंटू चौधरी के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में इनके अलावा और कोई शामिल था या नहीं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बंटी अपनी मां, पत्नी और छोटी बेटी के साथ गारुलिया नगरपालिका क्षेत्र में रहते थे। बुधवार रात उनके घर के पास एक क्लब में कुछ युवक शराब पी रहे थे। बंटी ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध किया। इसी बात को लेकर युवकों के साथ उनका विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने बंटी पर हमला कर दिया और मारपीट के दौरान ईंट से उनके सिर और चेहरे पर वार किया।

हमले में बंटी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक सुनील सिंह, उनके बेटे, स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य वहां पहुंचे। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। बंटी को गंभीर हालत में बैरकपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां रविवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सोमवार को बंटी की मौत की खबर फैलते ही गारुलिया इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़े आरोप सामने आए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों के एक वर्ग का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। लोगों का दावा है कि कई बार पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

बंटी की मौत की सूचना पाकर नोआपाड़ा के विधायक और राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह उनके परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

पूर्व विधायक सुनील सिंह ने इलाके में मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर