सरकारी काम में घटिया सामग्री बर्दाश्त नहीं, विधायक तुषार मजूमदार की कड़ी चेतावनी
हुगली, 02 सितंबर (हि. स.)। सरकारी निर्माण कार्यों में निम्न गुणवत्ता की सामग्री के इस्तेमाल को लेकर पांडुआ के भाजपा विधायक तुषार मजूमदार ने कड़ी आपत्ति जताई है। बुधवार को उन्होंने कहा कि सरकारी पैसे से होने वाले निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, पांडुआ ब्लॉक के इटाचुना-खन्नान ग्राम पंचायत अंतर्गत मातब्बरपुर गांव में एक उप-स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण चल रहा है। इस भवन का निर्माण हुगली जिला परिषद की ओर से कुछ महीने पहले शुरू किया गया था। निर्माण कार्य में कथित तौर पर निम्न गुणवत्ता की ईंट और बालू इस्तेमाल किए जाने की शिकायत विधायक तुषार मजूमदार तक पहुंची। इसके बाद बुधवार को विधायक ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद विधायक ने आरोप लगाया कि निर्माण में निम्न गुणवत्ता की ईंट और बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी धन से होने वाले कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल करना होगा और गुणवत्ता से समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक ने फिलहाल निर्माण कार्य रोकने का निर्देश देते हुए कहा कि उचित गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और व्यवस्था में सुधार के बाद ही काम दोबारा शुरू किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर ठेकेदार और जिला परिषद के संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

