home page

विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने की पंचपुलिया में जलजमाव के समाधान की पहल

 | 
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने की पंचपुलिया में जलजमाव के समाधान की पहल


विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने की पंचपुलिया में जलजमाव के समाधान की पहल


पश्चिम बर्दवान, 02 जून (हि. स.)। बरसात के मौसम में बर्नपुर रोड स्थित पंचपुलिया इलाके में होने वाली जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल शुरू हो गई है। मंगलवार को आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने आसनसोल नगर निगम के अभियंताओं और संबंधित सरकारी अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण किया।

उल्लेखनीय है कि जुबली मोड़ से आसनसोल की ओर आने वाली प्रमुख सड़क बर्नपुर रोड के मध्य स्थित पंचपुलिया में हर वर्ष बारिश के दौरान गंभीर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। थोड़ी सी बारिश होने पर भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे यातायात बाधित होता है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को इलाके की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया तथा ड्रेनेज व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया गया। अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था, नालों की स्थिति और उन स्थानों का निरीक्षण किया जहां जलजमाव की समस्या अधिक गंभीर रूप लेती है।

उन्होंने बताया कि यह सड़क आसनसोल और बर्नपुर को जोड़ने वाली प्रमुख लाइफलाइन है। सड़क बंद होने की स्थिति में लोगों को काली पहाड़ी होकर शहर में प्रवेश करना पड़ता है, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ जाते हैं। बरसात के दौरान आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया है। इस दौरान उन स्थानों की पहचान की गई जहां सड़क की मरम्मत, ड्रेनेज सुधार और सफाई कार्य की आवश्यकता है। निरीक्षण के आधार पर जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नगर निगम के अभियंताओं ने भी इलाके की भौगोलिक स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का अध्ययन कर समस्या के कारणों का आकलन किया तथा इसके समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा