जहांगीरी मोहल्ला चौकी पर हमला को लेकर कृष्णेंदु मुखर्जी की चेतावनी, कहा -दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
कोलकाता, 16 मई (हि. स.)। आसनसोल के जहांगीरी मोहल्ला चौकी पर हुए हमले को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। इस घटना पर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि इलाके का माहौल बिगाड़ने की सोची-समझी साजिश हो सकती है। उन्होंने संकेत दिया कि कुछ लोग पर्दे के पीछे रहकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिलाने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसे लोगों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने साफ किया कि हमले में सीधे तौर पर शामिल लोगों के साथ-साथ साजिश रचने वालों को भी किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि मामले की तेजी से जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ऐसी हर कोशिश को नाकाम किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही लोगों को अफवाहों से दूर रहने और केवल सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करने की सलाह दी गई है।
पुलिस आयुक्त प्रणव कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात दो गुटों के बीच विवाद को संभालने गई पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया थाने पर भी पथराव किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य है। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के जांच की जा रही है। बाकी आरोपितों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

