विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के जन्मदिन पर सेवा और सामाजिक कार्यों का आयोजन
पश्चिम बर्दवान, 13 जून (हि. स.)। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा और सामाजिक कार्यों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जहां एक ओर भीषण गर्मी के बीच नि:शुल्क शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दूसरी ओर भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के हीरापुर, चित्रा, कुमारपुर, गोपालपुर, रेलपार, कल्ला, डीपुपाड़ा, उषाग्राम, मुर्गाशोल, बस्तीन बाजार, इस्माइल, मोहिशीला, चेलीडांगा, हाट्टन रोड, गिरजामोड़, गोराई रोड, कोर्ट मोड़, जुबली और डंगाल समेत कई इलाकों में एक दिवसीय नि:शुल्क शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राहगीरों, श्रमिकों, वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों को शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने आयोजकों की इस पहल की सराहना की और विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में टोटो, ऑटो एवं बस चालकों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं और विधायक समर्थकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं बल्कि सेवा और जनकल्याण के माध्यम से मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह पहल की गई।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आसनसोल के रविंद्रनगर क्लब में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और शुभानुध्यायियों ने भाग लिया और मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
आयोजकों ने रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मानवीय पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा का संचार करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

