मुचीघाटा में जलजमाव की समस्या पर मौके पर पहुंचे विधायक सुशांत घोष, जलनिकासी कार्य का लिया जायजा
हुगली, 16 जुलाई (हि. स.)। लगातार हो रही बारिश के कारण हुगली जिले के खानाकुल के मुचीघाटा क्षेत्र में सड़क पर जलजमाव होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की जानकारी पाकर खानाकुल के विधायक सुशांत घोष गुरुवार को मौके पर पहुंचे और स्वयं उपस्थित रहकर जलनिकासी कार्य की निगरानी की।
विधायक ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्या की जानकारी ली और सड़क पर जमा पानी को शीघ्र निकालने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जलनिकासी कार्य के दौरान वह स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे।
इस दौरान सुशांत घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बिना समुचित योजना के इलाके की जमीन के स्तर से नीचे सड़क का निर्माण किया गया था। इसी कारण थोड़ी सी बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता है और लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के हित में इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सड़क की ऊंचाई बढ़ाने तथा बेहतर जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
विधायक द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर जलनिकासी कार्य की निगरानी करने पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

