home page

विधायक की गिरफ्तारी के बाद पीड़िता के परिवार को धमकी, थाने में फिर शिकायत

 | 

कोलकाता, 10 नवंबर (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना जिलान्तर्गत कैनिंग पश्चिम के विधायक परेश राम दास की गिरफ्तारी के बाद दुष्कर्म की शिकायत करने वाली महिला और उसके परिवार को लगातार धमकियां मिलने का आरोप लगा है। पीड़िता के पति ने मंगलवार को कैनिंग थाने में इस संबंध में नई शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि उन्हें मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाने के साथ 12 लाख रुपये देने का प्रलोभन भी दिया जा रहा है।

आरोप है कि वर्ष 2023 में पंचायत चुनाव में टिकट दिलाने का भरोसा देकर विधायक परेश राम दास ने एक महिला को चांदमुनी वृद्धाश्रम में बुलाया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। साथ ही महिला से चार लाख रुपये लेने का भी आरोप है। पीड़िता का कहना है कि उस समय पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की थी। उल्टे, थाने में शिकायत करने जाने के बाद परिवार को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके कारण पीड़िता के पति को घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

सरकार बदलने के बाद पीड़िता ने पिछले सितंबर महीने में कैनिंग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर सोमवार शाम कोलकाता हवाई अड्डे से विधायक परेश राम दास को गिरफ्तार किया गया।

परिवार का आरोप है कि विधायक की गिरफ्तारी के बाद इलाके के कुछ तृणमूल कांग्रेस नेता उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता के पति ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। यहां तक कि जान से मारने की कोशिश भी की गई। सोमवार रात से शिकायत वापस लेने के बदले 12 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया जा रहा है।

पीड़िता के पति ने मंगलवार को इन आरोपों को लेकर कैनिंग थाने में नई लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए उनके घर के सामने 24 घंटे दो नागरिक स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता