home page

विधायक अग्मिमित्रा पाल ने जल संकट पर धेरा सरकार को

 | 
विधायक अग्मिमित्रा पाल ने जल संकट पर धेरा सरकार को


आसनसोल, 25 मार्च (हि. स.)। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में जल संकट का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। रानीगंज के अमरसता पंचायत अंतर्गत झाटी डांगा आदिवासी पाड़ा वासियों को वर्षों से पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच भाजपा उम्मीदवार अग्मिमित्रा पाल ने चुनाव प्रचार के दौरान इलाके में पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले घर–घर नल तो लगाए गए थे, लेकिन अधिकांश नलों में पानी नहीं आता। पूरे इलाके में केवल एक ही सार्वजनिक नल काम कर रहा है, वह भी बेहद धीमी गति से—एक बाल्टी पानी भरने में दो घंटे से अधिक समय लग जाता है। इस कारण रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है, और पानी को लेकर आपसी विवाद भी बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इससे लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।

अग्मिमित्रा पाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “एगिये बंगला” के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत अलग है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जहां नल तो लगाए गए हैं लेकिन पानी नहीं आता। कई गरीब अभी भी कच्चे घरों में रहने को मजबूर हैं। वहां विकास के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

यह मुद्दा अब स्थानीय लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़ा होने के कारण चुनावी माहौल में अहम बनता जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा