हावड़ा स्टेशन पर संदिग्ध आगजनी का वीडियो वायरल, साजिश की आशंका गहराई
हुगली, 21 मई (हि. स.)। देश के विभिन्न हिस्सों में ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं के पीछे साजिश की आशंका जता चुके रेलवे को अब हावड़ा स्टेशन से एक संदिग्ध सीसीटीवी वीडियो मिला है। इस वीडियो के सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने जांच तेज कर दी है।
दरअसल, हाल ही में मिथिला एक्सप्रेस में हावड़ा स्टेशन पर खड़े रहने के दौरान धुआं उठने की घटना सामने आई थी। अब रेलवे ने उसी दिन का एक सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिससे साजिश की आशंका और बढ़ गई है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, घटना 19 मई को दोपहर दो बजकर 34 मिनट की है। हावड़ा स्टेशन के कैब रोड क्षेत्र में लगे कैमरे में एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई देता है। वह सड़क किनारे एक पैकेट जैसी वस्तु फेंककर तुरंत वहां से चला जाता है। कुछ ही क्षण बाद उस पैकेट में आग लग जाती है।
व्यस्त समय में स्टेशन परिसर में हुई इस घटना से यात्रियों और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उसी समय की है जब मिथिला एक्सप्रेस के डिब्बे से धुआं निकलने की शिकायत मिली थी। रेलवे को संदेह है कि केवल रेल सेवा को बाधित करना ही उद्देश्य नहीं था, बल्कि भीड़भाड़ वाले स्टेशन पर दहशत फैलाकर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा करने की भी कोशिश की गई हो सकती है।
रेलवे ने वीडियो में दिखाई देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि इस घटना के पीछे एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
रेलवे ने पहले भी दावा किया था कि भारतीय रेल को बार-बार “सॉफ्ट टार्गेट” के रूप में निशाना बनाया जा रहा है। संभावित खतरों को देखते हुए देशभर के बड़े रेलवे टर्मिनलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

