कोलकाता में पूर्व रेलवे की डिविजनल कमेटी की बैठक में शामिल हुईं आरामबाग की सांसद मिताली बाग
हुगली, 10 नवंबर (हि. स.)। रेल सेवाओं में सुधार, यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कोलकाता में पूर्व रेलवे के हावड़ा और सियालदह डिवीजन की डिविजनल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में आरामबाग की सांसद मिताली बाग शामिल हुईं।
बैठक में रेल सेवाओं के विकास, यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा, रेलवे स्टेशनों के बुनियादी ढांचे में सुधार और रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
विशेष रूप से आम यात्रियों की रोजमर्रा की यात्रा से जुड़ी समस्याओं, रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और विभिन्न डिवीजनों के अंतर्गत रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया गया।
सांसद मिताली बाग ने भी बैठक में हिस्सा लेकर रेल सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। यात्रियों के हितों की रक्षा, बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और आम लोगों की यात्रा को सुगम बनाने के लिहाज से इस तरह की बैठकें महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।
रेल सेवाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार को केंद्र में रखकर आयोजित इस बैठक से आने वाले दिनों में रेलवे के बुनियादी ढांचे और सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

