home page

चुनाव 26 : ‘घर की बेटी’ बनकर मैदान में मीता बाग, आत्मविश्वास से भरा प्रचार

 | 
चुनाव 26 : ‘घर की बेटी’ बनकर मैदान में मीता बाग, आत्मविश्वास से भरा प्रचार


हुगली, 07 अप्रैल (हि.स.)। आरामबाग विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मीता बाग ‘घर की बेटी’ की छवि के साथ जोरदार चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। मंगलवार को उन्हें आरामबाग नगरपालिका के वार्ड संख्या-4 के कोटपाड़ा इलाके में प्रचार करते देखा गया, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ जनसंपर्क किया। इस दौरान वह शरीर पर हरा अबीर लगाकर लोगों के बीच पहुंचीं।

मीता बाग ने कहा कि वह जीत को लेकर आत्मविश्वास से भरी हैं, इसी विश्वास के साथ उन्होंने हरा अबीर लगाकर प्रचार शुरू किया है। हालांकि, राजनीतिक हलकों के एक वर्ग का मानना है कि यह अतिरिक्त आत्मविश्वास आगे चलकर उनके लिए परेशानी का कारण भी बन सकता है।

गौरतलब है कि आरामबाग विधानसभा सीट से आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर पूर्व पुलिस अधिकारी सुकमल दास को उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे तृणमूल कांग्रेस को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार को लेकर अब भी पार्टी के भीतर कुछ चिंता बनी हुई है।

इस संबंध में मीता बाग ने कहा कि जनता विकास के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष चुनाव में कोई खास प्रभाव नहीं डाल पाएगा और तृणमूल कांग्रेस की जीत तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय