home page

छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगा एबीवीपी , 31 अक्टूबर से सिलीगुड़ी में 'मिशन साहसी' का आयोजन

 | 
छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगा एबीवीपी , 31 अक्टूबर से सिलीगुड़ी में 'मिशन साहसी' का आयोजन


सिलीगुड़ी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। देशभर में महिला सुरक्षा को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच अखिल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के लिए एक विशेष पहल की है। एबीवीपी के उत्तर बंगाल प्रदेश इकाई द्वारा आगामी 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक सिलीगुड़ी के सालबाड़ी स्थित वनवासी कल्याण आश्रम में तीन दिवसीय ‘मिशन साहसी’ प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को सिलीगुड़ी स्थित एबीवीपी कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान इस राष्ट्रव्यापी अभियान के स्थानीय चरण की घोषणा की गई।

संगठन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस प्रशिक्षण शिविर में उत्तर बंगाल के 12 संगठनात्मक जिलों की स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर की छात्राएं भाग लेंगी। ‘मिशन साहसी’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें छात्राओं को किसी विशेष हथियार या भारी उपकरण के बिना, रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं—जैसे दुपट्टा (ओढ़नी), हेयर क्लिप, पेन आदि की मदद से आपातकालीन स्थिति में हमलावरों का सामना करने और खुद को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

इस शिविर में प्रशिक्षित होने वाली छात्राएं अपने-अपने जिलों में वापस जाकर विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अन्य छात्राओं को भी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देंगी। इस तरह एक ही शिविर के माध्यम से हजारों छात्राओं तक सुरक्षा और आत्मविश्वास का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

पत्रकार वार्ता में एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं राज्य गर्ल्स इंचार्ज पूजा राम, राज्य सह-सचिव अदिति विश्वास, राष्ट्रीय कला मंच की संयोजक सुष्मिता अधिकारी और स्नेहा राय विशेष रूप से उपस्थित थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार