स्कूल जाने निकला सातवीं का छात्र लापता, रात में बनगांव स्टेशन से आरपीएफ ने सकुशल बरामद किया
कोलकाता, 24 जुलाई (हि. स.)। उत्तर 24 परगना के अशोकनगर थाना क्षेत्र से लापता हुए सातवीं कक्षा के एक छात्र को बनगांव रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रात में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर थाना अंतर्गत बनबनिया निवासी सुनील विश्वास का पुत्र गुरुवार सुबह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन स्कूल की छुट्टी के बाद भी उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हुए। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पिता ने अशोकनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच गुरुवार रात करीब 12 बजे बनगांव रेलवे स्टेशन परिसर में ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने एक किशोर को अकेले घूमते देखा। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह घर से भागकर आया है।
शुक्रवार सुबह आरपीएफ ने आंगराइल क्षेत्र की एक स्वयंसेवी संस्था और छात्र के परिवार को सूचना दी। परिजन आरपीएफ कार्यालय पहुंचे, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्र को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर पिता ने राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में रुचि नहीं लेता था और संभवतः इसी कारण वह बिना बताए घर छोड़कर चला गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

