केशियाड़ी में लापता नाबालिग 24 घंटे के भीतर बरामद
पश्चिम मेदिनीपुर, 23 जुलाई (हि. स.)। जिले के केशियाड़ी थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की परिजनों ने सराहना की है।
पुलिस के अनुसार, केशियाड़ी थाना क्षेत्र के कानपुर इलाके से 18 जुलाई को एक नाबालिका लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों तथा अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 23 जुलाई गुरुवार सुबह को केशियाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत पाकर पुलिस ने जांच प्रारंभ की। विभिन्न स्रोतों से जानकारी एकत्र कर अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बेलदा के देउली क्षेत्र से नाबालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके लापता होने के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है। शिकायत दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर बरामदगी होने पर परिजनों ने केशियाड़ी थाना पुलिस की सक्रियता और तत्परता की प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

