नौका हादसा: दो दिन बाद मिले दोनों लापता मजदूरों के शव
मालदा, 15 मई (हि.स.)। गत बुधवार ओल्ड मालदा के मुचिया इलाके में टांगन नदी के दाहुक घाट पर हुए नाव हादसे में लापता दो मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए है। लगातार दो दिनों की तलाश के बाद शुक्रवार सुबह नदी से दोनों शव बाहर निकाले गए।
दो दिन पहले धान से लदी एक नाव पार कराने के दौरान अचानक टांगन नदी में डूब गई थी। नाव में सवार अन्य लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन दो मजदूर धान के साथ ही नदी में समा गए थे। सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। स्पीड बोट और गोताखोरों की मदद से दो दिनों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में दो शव को देखा। एक मजदूर का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिला, जबकि दूसरा शव मुचिया के चर लक्ष्मीपुर फॉरेस्ट इलाके में बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।
इस घटना से मृतकों के परिवारों और पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि क्या नाव में जरूरत से ज्यादा माल लादा गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

