home page

चुनाव प्रचार के लिए जाते समय मंत्री बीरबाहा हांसदा के काफिले की पायलट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, दो पुलिसकर्मी घायल

 | 
चुनाव प्रचार के लिए जाते समय मंत्री बीरबाहा हांसदा के काफिले की पायलट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, दो पुलिसकर्मी घायल


कोलकाता, 25 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाते समय शुक्रवार देर रात राज्य की मंत्री बीरबाहा हांसदा के काफिले में शामिल पुलिस की पायलट गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। एक कंटेनर वाहन से टक्कर में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें उलूबेड़िया स्थित शरतचंद्र चट्टोपाध्याय राजकीय चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हालांकि मंत्री बीरबाहा हांसदा पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी गाड़ी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उलूबेड़िया थाना क्षेत्र के वीरशिबपुर फ्लाईओवर पर हुई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंत्री बीरबाहा हांसदा मेदिनीपुर से कोलकाता चुनावी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुई थीं। रात लगभग 12 बजे उनके काफिले में चल रही पायलट गाड़ी नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर खड़े एक कंटेनर के पीछे जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार एक सहायक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हादसे में मंत्री की गाड़ी सुरक्षित रही। घटना के बाद वह रात में ही कोलकाता के लिए रवाना हो गईं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर