भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने आसनसोल में किया हेलमेट वितरण
पश्चिम बर्दवान, 08 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल के चित्रा इलाके में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
इस अवसर पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि हेलमेट केवल कानून के पालन के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को यह याद रखना चाहिए कि जब वह घर से बाहर निकलता है तो उसके परिवार के लोग सुरक्षित लौटने का इंतजार करते हैं। इसलिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हेलमेट वितरण जैसा कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है। इससे लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपाय अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में मौजूद ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने भी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

