घर से भागी उत्तरपाड़ा की दो किशोरियों को जीआरपी ने ट्रेन से किया बरामद
हावड़ा, 14 सितंबर (हि. स.)। घर से भागकर ट्रेन से दिल्ली जाने की कोशिश कर रही उत्तरपाड़ा की दो किशोरियों को हावड़ा जीआरपी जिले के अंडाल जीआरपी थाना पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उत्तरपाड़ा थाना पुलिस से सूचना मिली थी कि 14 और 15 वर्ष की दो किशोरियां घर से चली गई हैं और उनके ट्रेन से दिल्ली जाने की आशंका है। इसके बाद जीआरपी के ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को ट्रेनों में दोनों किशोरियों की तलाश के लिए सतर्क कर दिया गया।
विशेष सूचना के आधार पर दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर अंडाल जीआरपी थाना पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दोनों किशोरियों को ट्रेन से सफलतापूर्वक तलाश कर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। ट्रेन के आसनसोल पहुंचने से पहले ही दोनों को सुरक्षित कर लिया गया। दोनों किशोरियों को अंडाल जीआरपी थाने लाया गया, जहां उन्हें थाने के चाइल्ड-फ्रेंडली कॉर्नर में रखा गया। मामले की जानकारी तत्काल उत्तरपाड़ा थाना पुलिस को दी गई।
इसके बाद सोमवार को आवश्यक सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को विधि सम्मत तरीके से उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

