वंदे भारत एक्सप्रेस से नाबालिग लड़की बरामद, आरपीएफ को सौंपा गया
खड़गपुर, 03 मई (हि.स.)। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से रविवार को एक नाबालिग लड़की को वंदे भारत एक्सप्रेस से सुरक्षित बरामद किया गया। बाद में उसे आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन संख्या 22896 वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार को नियमित जांच के दौरान टिकट जांचकर्ता अभिजीत डे (टीटीआई/हावड़ा) ने कोच सी-10 में एक नाबालिग लड़की को अकेले यात्रा करते हुए देखा। यह जांच बालासोर स्टेशन पार करने के बाद की जा रही थी। पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह घर से भागकर आई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई की। ट्रेन के खड़गपुर स्टेशन पहुंचने पर लड़की को सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों को सौंप दिया गया, ताकि किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

